हिमाचल प्रदेश

Solan: भाजपा ने सोलन में पानी की कमी पर आंदोलन करने का किया एलान

Admindelhi1
12 March 2026 12:40 AM IST
Solan: भाजपा ने सोलन में पानी की कमी पर आंदोलन करने का किया एलान
x

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर में पानी की कमी और सड़कों की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। यह फैसला भाजपा बुधवार को सोलन शहरी मंडल की मासिक बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने की। बैठक में प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रवक्ता नवनीत गोदियाल और भाजपा जिला सचिव बी.एस. ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 की तैयारियों पर चर्चा के साथ हुई। भाजपा के अनुसार यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मार्च को सोलन के सनातन धर्म मंदिर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक के दौरान सोलन शहर में बढ़ती पानी की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार पानी की कमी से लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। इसके अलावा सोलन–सुबाथु सड़क के काम को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया गया। भाजपा नेताओं का कहना था कि धरना प्रदर्शन के दौरान सड़क निर्माण के लिए मशीनें लगाकर काम शुरू करने का दिखावा किया गया, लेकिन उसके बाद काम फिर से बंद कर दिया गया, जिससे चार विधानसभा क्षेत्रों के लोगों में नाराजगी है।

बैठक में स्थानीय मंत्री धनीराम शांडिल को भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। भाजपा नेताओं ने नगर निगम में मुफ्त पानी और मुफ्त कूड़ा उठाने के वादों को भी जनता को गुमराह करने वाला बताया। पार्टी नेताओं का कहना था कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे अभी तक पूरे नहीं किए गए हैं।

इन मुद्दों को लेकर भाजपा सोलन शहरी मंडल ने आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 13 मार्च से 31 मार्च तक पूरे शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लोगों से समर्थन लिया जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को जिलाधीश के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजने की योजना है।

Next Story