हिमाचल प्रदेश

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, आज और कल साफ रहेगा मौसम, परसों फिर करवट बदलेगा अंबर

Renuka Sahu
11 Nov 2022 1:00 AM GMT
Snowfall on the high peaks of Himachal, the weather will be clear today and tomorrow, Amber will turn the day after tomorrow
x

न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

हिमाचल प्रदेश में के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति और चंबा में भारी बर्फबारी हुई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल प्रदेश में के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति और चंबा में भारी बर्फबारी हुई है। चंबा के पांगी, किलाड़ व भरमौर की ऊंची चोटियों पर गत बुधवार रात ताजा हिमपात हुआ। इससे जहां मनाली-लेह हाई-वे बंद हुआ, वहीं लाहुल-स्पीति और चंबा जिले के अधिक ऊंचे क्षेत्रों की सडक़ें भी वाहनों के लिए बंद हो गई हैं। वहीं राजधानी शिमला के कुफरी में ओलावृष्टि हुई हैं। इसके अलावा राजधानी शिमला में दोहपर बाद मौसम खराब रहा और धुंध छाई रही। ताजा बर्फबारी को देखते हुए लाहुल-स्पीति पुलिस ने भी सभी सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की एडवाइजरी जारी है। जानकारी के अनुसार, चंबा और लाहुल-स्पीति में 20 से ज्यादा सडक़ें बंद हो गई हैं। कुल्लू अटल टनल रोहतांग के छोर पर बुधवार से लगातार बर्फबारी हो रही है उसके बाद बुधवार रात यहां बर्फबारी का दौर जारी रहा, जिस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही को एहतियातन तौर पर रोक दिया गया है। हिमाचल प्रदेश में शुुक्रवार और शनिवार को मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केद्र शिमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 और 12 नवंबर को मौसम साफ रहेगा, जबकि प्रदेश में 13 नवंबर से मौसम के खराब रहने की संभावना हैं। इस दौरान ऊपरी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी हो सकती हैं, तो निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

लाहुल-स्पीति ने ओढ़ी सफेद चादर, बढ़ी ठंड
प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति ने सफेद चादर ओढ़ ली है। जहां बारालाचा, कुंजुम पास सहित तमाम ऊंची चोटियों में ताजा हिमपात हुआ है, वहीं लाहुल घाटी के निचले क्षेत्रों में तीन से पांच इंच तक बर्फबारी हुई है। मयाड़ घाटी, पटट्न घाटी में ताजा हिमपात हुआ है। अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल में भी ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं बर्फबारी ने चुनाव में चुनाव आयोग की चुनौती बढ़ा दी है। बर्फबारी के चलते जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन ने एहतियातन लोसर व कुंजुम पास और शिंकुला पास के दारचा-शिंकुला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही आगामी आदेशों तक बंद कर दी है। उपायुक्त लाहुल-स्पीति एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सुमित खिमटा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि एनएच-505 ग्रांफू.-काजा हाई-वे और शिंकुला टॉप दारचा-शिंकुला रोड ग्रांफू से लोसर दारचा से शिंकुला सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगी। बर्फबारी से मार्ग बंद हो गया है। उपायुक्त खिमटा ने खराब मौसम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को घाटी में यात्रा करते समय बहुत सतर्क रहने की सलाह दी है।
पांगी में हिमपात
चंबा। जिला के कबायली क्षेत्र पांगी में एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। पांगी उपमंडल मुख्यालय किलाड में दस इंच और ऊपरी पहाडिय़ों पर करीब डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। हालांकि गुरुवार सुबह मौसम के साफ होते ही उपमंडलीय प्रशासन ने विभिन्न मार्गों से बर्फ हटवाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया। घाटी के मार्गों पर यातायात बहाल होने के साथ ही पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों की ओर रवाना कर दिया गया। बर्फबारी के बाद पांगी घाटी में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। बर्फबारी के बीच बिजली व यातायात व्यवस्था बेहतर रखना घाटी के लोगों के लिए फिलहाल राहत की बात है। बर्फबारी के कारण तापमान में आई गिरावट के चलते लोग घरों में दुबक कर रह गए हैं। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी पांगी घाटी में बर्फबारी हुई थी। इसके चलते समूची पांगी घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गई है।
Next Story