हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के ऊंचों क्षेत्रों में हिमपात, लाहौल-स्पीति व पांगी में हिमस्खलन

Shantanu Roy
21 April 2023 9:16 AM GMT
हिमाचल के ऊंचों क्षेत्रों में हिमपात, लाहौल-स्पीति व पांगी में हिमस्खलन
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में जमकर हिमपात हुआ है। जिला किन्नौर के पर्यटन स्थल छितकुल व रक्छम में 3 से 5 इंच तक ताजा हिमपात हुआ है तो वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों सांगला, कल्पा, यांगपा, आसरंग, कुन्नू, चारंग व नेसंग क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि ने खूब कहर बरपाया है। जिला लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के कारण तिन्दी-किलाड़ राज्य उच्चमार्ग-26 जगह-जगह हिमस्खलन व भूस्खलन होने के कारण अवरुद्ध हो गया है। तिन्दी से शौर के बीच करीब 6 जगहों व तिन्दी से उदयपुर के बीच धांधल नाले में हिमस्खलन होने के कारण मार्ग बंद हो गया है। जिला चम्बा की पांगी घाटी के फिंडपार नाले में हिमखंड गिरने से पानी का सोर्स बंद हो गया, जिससे गांव के करीब 70 परिवारों की पेयजल सप्लाई बाधित हो गई है। मौसम के साफ होते ही सड़क सुरक्षा संगठन द्वारा हिमखंड को हटाया जाएगा व तिन्दी-किलाड़ राज्य उच्चमार्ग-26 को फिर से यातायात के लिए सुचारू किया जाएगा। उधर, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में हिमस्खलन होने से चंद्रा नदी का बहाव रुक गया। कोकसर के पास हुए हिमस्खलन से अवरुद्ध नदी का बहाव कुछ ही देर बाद बहाल हो गया, जिससे बड़ा खतरा टल गया। कोकसर, डिम्फुक, सिस्सू और गोंदला में हिमपात के साथ बर्फीली हवाएं चल रही हैं। मनाली के सोलंगनाला से अटल टनल के साऊथ पोर्टल और नॉर्थ पोर्टल से तांदी तक हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। हालांकि प्रशासन ने सभी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, कांगड़ा, चम्बा व शिमला जिलों में जमकर ओलावृष्टि हुई है। कांगड़ा में कई जगह पेड़ गिरने की सूचना है। चम्बा-जोत-चुवाड़ी मार्ग पर जोत में ओलावृष्टि होने से सड़क पर सफेद चादर बिछ गई। वर्षा से भुंतर-दियार सड़क पर छिकानाल के पास सड़क का डंगा ढह गया, जिससे अनार के कई पेड़ दब गए।
Next Story