हिमाचल प्रदेश

Shimla: हिमाचल में मौसम का कहर, अलर्ट जारी

Admindelhi1
26 Jan 2026 3:48 PM IST
Shimla: हिमाचल में मौसम का कहर, अलर्ट जारी
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से राहत की उम्मीद अभी पूरी तरह बनी भी नहीं थी कि मौसम ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज व कल 27 जनवरी के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान प्रदेश में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, तेज अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने की आशंका है। कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन फिर प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 26 जनवरी को प्रदेश के सभी 12 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। इस दिन कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 27 जनवरी को हालात और बिगड़ने के आसार हैं। चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी और तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी आठ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। अनुमान है कि शिमला, कुफरी, मनाली, डलहौजी और अन्य पर्यटन स्थलों पर एक बार फिर बर्फबारी हो सकती है। 28 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है, हालांकि इस दिन कोई औपचारिक अलर्ट नहीं है। 29 जनवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 30 जनवरी से 1 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर मौसम बिगड़ सकता है।

मौसम विभाग ने 27 से 30 जनवरी के बीच कुछ स्थानों पर घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी भी दी है। इस बीच हाल की भारी बर्फबारी से बाधित जनजीवन को पटरी पर लाने की कोशिशें जारी हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में अब भी तीन नेशनल हाइवे और 832 सड़कें बंद हैं। इसके साथ ही 1,942 बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है, जबकि 245 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। पिछले कल रविवार को मौसम साफ रहने का फायदा उठाते हुए प्रशासन ने 314 सड़कों को बहाल किया और 995 ट्रांसफार्मरों को फिर से चालू किया।

शिमला शहर की सभी प्रमुख सड़कों को खोल दिया गया है, लेकिन बर्फ देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से शहर में दिनभर ट्रैफिक जाम लगा रहा। खासकर शिमला-कालका नेशनल हाइवे पर शहर के प्रवेश द्वार पर लंबा जाम लगने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। जिलावार स्थिति पर नजर डालें तो लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 280 सड़कें बंद हैं। शिमला में 234, मंडी में 110, चंबा में 78 और कुल्लू में 64 सड़कें अभी भी बाधित हैं।

लाहौल-स्पीति में दो और कुल्लू में एक नेशनल हाइवे बंद है। बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही। शिमला में 789 ट्रांसफार्मर बंद रहे, सिरमौर में 354, मंडी में 284, चंबा में 277 और कुल्लू में 174 ट्रांसफार्मर खराब हैं। पेयजल योजनाओं में शिमला की 131, कुल्लू की 81 और चंबा की 24 योजनाएं ठप हैं। ठंड का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। शिमला में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, मनाली में 0.1, कल्पा में माइनस 2.8, धर्मशाला में माइनस 0.2, ऊना में 2.6, बिलासपुर में 4, मंडी में 5.2, सोलन में 2.2, कुफरी में 4.2 और कुकुमसेरी में माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के पांच शहरों में तापमान शून्य से नीचे रहा।

हालांकि मुश्किलों के बीच बर्फबारी पर्यटन के लिए राहत भी बनकर आई है। शिमला, मनाली और कुफरी जैसे पर्यटन स्थलों में सैलानियों की संख्या बढ़ी है और शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बावजूद इसके मौसम विभाग ने साफ किया है कि राहत फिलहाल अस्थायी है और अगले दो दिन हिमाचल के लिए चुनौतीपूर्ण बने रह सकते हैं।

Next Story