हिमाचल प्रदेश

शिमला: प्रदर्शन और पथराव में देव भूमि क्षेत्रीय संगठन के अध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार

Admin Delhi 1
17 March 2022 8:09 AM GMT
शिमला: प्रदर्शन और पथराव में देव भूमि क्षेत्रीय संगठन के अध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार
x

सवर्ण आयोग को लेकर विधानसभा में कानून पारित न होने से नाराज़ सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों ने बुधवार को राजधानी शिमला में उग्र प्रदर्शन कर चक्का जाम और पथराव किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे देवभूमि क्षत्रिय संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर और उनके दो साथियों मदन ठाकुर व दीपक चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों को देर रात शहर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। शिमला पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि तीनों आरोपितों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। देवभूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि सवर्ण मोर्चा पर उपद्रव मचाने पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचने सहित अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज किए गए है। इसमें हत्या के प्रयास की धारा 307 भी लगाई गई है।

दरअसल शिमला-कालका हाइवे पर तारा देवी में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसमे एएसपी समेत नौ जवान चोटिल हुए। इस पर बालूगंज पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 341, 353, 332, 307 और 147, 148, 149, 341, 188 IPC & 3 के तहत दो मामले दर्ज किए हैं। प्रदर्शकारियों के खिलाफ सार्वजनिक संपति को नुकसान पहुंचाने का मामला भी बनाया गया है। प्रदर्शकारियों ने सरकारी तामझाम को ध्वस्त कर दिया था। धारा 144 लागू होने के बावजूद शहर में प्रदर्शन के दौरान पांच घंटे अराजकता जैसा माहौल रहा। बुधवार सुबह प्रदेश भर से प्रदर्शनकारी राजधानी शिमला पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने खुफिया एजेंसियों और पुलिस की सारी रणनीति को फेल कर दिया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने शिमला में टूटीकंडी क्रॉसिंग पर रोक दिया। यहां उग्र भीड़ ने क्रॉसिंग के पास लगे मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़ दिए, बैरिकेड तोड़ दिए। प्रदर्शकारियों द्वारा चक्का जाम करने से शहर की रफ्तार थम गई थी।

Next Story