हिमाचल प्रदेश

Shimla: निगम कर्मचारियों पर हाथ उठाने वालों पर गिरेगी गाज

Admindelhi1
13 Nov 2025 11:45 AM IST
Shimla: निगम कर्मचारियों पर हाथ उठाने वालों पर गिरेगी गाज
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लोअर बाजार में बुधवार दोपहर बाद उस समय हंगामा हो गया जब नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। दुकानदारों ने विरोध करते हुए निगम कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस घटना के बाद निगम की टीम को मौके से वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम दोपहर बाद लोअर बाजार में पहुंची थी। यहां कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैला रखा था। निगम कर्मचारियों ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, कुछ दुकानदार भड़क गए और उन्होंने निगम कर्मियों से बदसलूकी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और निगम की टीम को पुलिस सुरक्षा के बिना कार्रवाई रोकनी पड़ी।

लोअर बाजार में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अधिकतर दुकानदार दुकान के बाहर तक सामान सजा देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को भारी परेशानी होती है। कई बार तो स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि अग्निशमन वाहन या एम्बुलेंस के गुजरने में भी मुश्किल पेश आती है। नगर निगम प्रशासन ने पहले भी कई बार ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाए हैं, लेकिन समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है।

नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात निगम कर्मचारियों से मारपीट और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित दुकानदारों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन लगातार अनदेखी की जा रही है।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि लोअर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Next Story