हिमाचल प्रदेश

Shimla: संजौली में मिठाई दुकानों की छानबीन, बासी मिठाइयां फेंकी गईं

Admindelhi1
18 Oct 2025 4:22 PM IST
Shimla: संजौली में मिठाई दुकानों की छानबीन, बासी मिठाइयां फेंकी गईं
x

शिमला: दीपावली पर्व को देखते हुए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संजौली में बड़ी मात्रा में खराब मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। टीम ने कुल 33 किलोग्राम खराब मिठाइयों को नष्ट कराया, जिनमें 10 किलो पेठा, 10 किलो गुलाब जामुन, 12 किलो रसगुल्ले और 1 किलो चमचम मिठाई शामिल थीं।

टीम ने संजौली, ढली, मशोबरा और हाईकोर्ट के पास लगी कामधेनु की मिठाई स्टाल की भी जांच की। खाद्य विभाग की यह कार्रवाई त्योहार के मौसम में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री को रोकने के लिए की गई है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां मिल सकें।

वहीं, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने शोघी बाजार की मिठाई दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और तय मानकों के अनुसार मिठाइयों को तैयार करने की हिदायत दी गई।

भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की इस निरीक्षण टीम में शिमला शहरी क्षेत्र के फूड सेफ्टी अफसर डॉ. सुनील शर्मा और उनके सहयोगी चरण दास शामिल रहे। टीम ने शहर की कई दुकानों से मिठाइयों के नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिठाइयों में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग ने दुकानदारों से अपील की है कि वे त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करें और स्वच्छता के नियमों का पूरी तरह पालन करें। साथ ही, आम लोगों से भी आग्रह किया गया है कि वे मिठाई खरीदते समय सतर्क रहें और यदि कोई खाद्य सामग्री खराब या संदिग्ध लगे तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें।

Next Story