हिमाचल प्रदेश

Shimla: तीन सैटेलाइट शहरों के विकास की दिशा में कदम

Admindelhi1
26 March 2026 1:50 AM IST
Shimla: तीन सैटेलाइट शहरों के विकास की दिशा में कदम
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। प्रदेश में तीन नए सैटेलाइट शहर विकसित करने के लिए हिमाचल प्रदेश हाउसिंग व शहरी प्राधिकरण (हिमुडा) और हाउसिंग एंड अर्बन डिवेल्पमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच बुधवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी भी मौजूद रहे।

इस समझौते के तहत प्रदेश में “हिम चंडीगढ़”, “हिम पंचकुला” और “कांगड़ा वैली एयरोसिटी” नाम से तीन नए सैटेलाइट शहर विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बढ़ते शहरीकरण के दबाव को कम करना और प्रदेश में संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है।

एमओयू पर हिमुडा की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार वशिष्ठ तथा हुडको की ओर से क्षेत्रीय प्रमुख नीरज सेठी ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि इन परियोजनाओं को पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। उनका कहना था कि योजनाबद्ध तरीके से विकसित होने वाले ये नए शहरी केंद्र प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण के दबाव को देखते हुए ऐसे सैटेलाइट शहरों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इन परियोजनाओं के बनने से लोगों को बेहतर आवास, आधारभूत सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का संतुलित विकास भी संभव हो सकेगा।

राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नियोजित शहरीकरण की परिकल्पना को साकार करने में ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन नए शहरों के विकसित होने से प्रदेश को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Next Story