हिमाचल प्रदेश

Shimla: शिकायत पर शिमला के कांस्टेबल पर गिरी गाज, विभागीय जांच शुरू

Admindelhi1
30 July 2026 4:42 PM IST
Shimla: शिकायत पर शिमला के कांस्टेबल पर गिरी गाज, विभागीय जांच शुरू
x
कांस्टेबल निलंबित, विभागीय जांच के आदेश जारी

शिमला: लोक भवन में की गई एक शिकायत के बाद शिमला जिला पुलिस ने अपने एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में नियमित विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।

शिमला के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार पुलिस मुख्यालय को लोक भवन शिमला से एक टेलीफोन संदेश मिला था। इसमें बताया गया कि एक कांस्टेबल ने शिकायत की है कि उनका तबादला आदेश जारी होने के बाद भी उन्हें नई तैनाती वाली जगह पर कार्यभार संभालने के लिए कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा है।

इसके बाद कांस्टेबल को पुलिस मुख्यालय बुलाया गया। वहां उन्होंने बताया कि वह राजभवन गार्ड में तैनाती चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा शारीरिक रूप से दिव्यांग है और उसकी देखभाल के लिए वह यह तैनाती चाहते हैं।

आदेश में कहा गया है कि यदि कांस्टेबल पारिवारिक कारणों के आधार पर राजभवन में तैनाती चाहते थे तो उन्हें निर्धारित विभागीय प्रक्रिया के तहत शिमला पुलिस कार्यालय के माध्यम से आवेदन देना चाहिए था। आदेश के अनुसार उन्होंने ऐसा नहीं किया और निर्धारित प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया।

आदेश में कहा गया है कि इस मामले में विभागीय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और शिकायत के समाधान के लिए तय माध्यम का उपयोग नहीं किया गया। इसे गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता और विभागीय प्रक्रिया के उल्लंघन का मामला मानते हुए कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान कांस्टेबल का मुख्यालय पुलिस थाना ननखड़ी रहेगा। उन्हें अपना बेल्ट सीएचसी स्टोर में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा और पुलिस थाना ननखड़ी में सभी फॉल-इन और रोल कॉल में उपस्थित रहना होगा।

शिमला पुलिस ने मामले की नियमित विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। यह जांच डीएसपी शक्ति सिंह को सौंपी गई है। उन्हें एक महीने के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट शिमला के पुलिस अधीक्षक को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story