हिमाचल प्रदेश

Shimla: हिमाचल को नशा-मुक्त बनाने हेतु शांता कुमार ने किया अपील

Admindelhi1
17 Nov 2025 5:30 PM IST
Shimla: हिमाचल को नशा-मुक्त बनाने हेतु शांता कुमार ने किया अपील
x
"जन आंदोलन की दी सलाह"

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल सरकार ने नशे के खिलाफ बड़ा और सराहनीय जन अभियान शुरू किया है। शिमला के रिज मैदान में आयोजित प्रभावशाली कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल को पूरी तरह नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लिया। शांता कुमार ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सरकार को बधाई दी।

शांता कुमार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि नशा और चिट्टा नई पीढ़ी को गंभीर रूप से बर्बाद कर रहे हैं, जबकि इसका अवैध व्यापार करने वाले अपराधी लाखों-करोड़ों रुपये कमा रहे हैं। आज हिमाचल प्रदेश के सामने यह सबसे बड़ा सामाजिक संकट बन चुका है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी कार्यक्रमों से यह चुनौती समाप्त नहीं होगी, बल्कि इसके लिए समाज की व्यापक भागीदारी आवश्यक है।

शांता कुमार ने सुझाव दिया कि इस अभियान को वास्तविक अर्थों में जन आंदोलन बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं को साथ लिया जाए, ताकि यह केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रह जाए। उन्होंने कहा कि कानून अपराधियों को दंड दे सकता है, लेकिन सही संस्कार नहीं दे सकता। इसलिए युवा पीढ़ी को समझाने और मार्गदर्शन देने के लिए सुनियोजित कार्यक्रम की जरूरत है

उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 4,500 स्कूलों और 200 कॉलेजों में करीब 10 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। यदि इन शिक्षण संस्थानों में प्रति सप्ताह प्रार्थना सभा के दौरान नशा-निवारण पर चार प्रभावशाली भाषण दो शिक्षकों और दो विद्यार्थियों द्वारा—कराए जाएं, तो यह एक बड़ा संस्कार अभियान बन सकता है।

शांता कुमार ने सुझाव दिया कि शिक्षा विभाग के विद्वानों की एक समिति विस्तृत योजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि बिना किसी अतिरिक्त खर्च के चलाया गया यह कार्यक्रम लाखों विद्यार्थियों को सही दिशा देगा और हिमाचल पूरे देश के लिए उदाहरण बन सकता है।

Next Story