हिमाचल प्रदेश

Shimla: कमला नेहरू अस्पताल की गायनी ओपीडी शिफ्ट पर विरोध तेज

Admindelhi1
22 April 2026 6:57 PM IST
Shimla: कमला नेहरू अस्पताल की गायनी ओपीडी शिफ्ट पर विरोध तेज
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी को आईजीएमसी शिफ्ट करने के फैसले का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर जनवादी महिला समिति ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अपनी मांगों को लेकर बुधवार को अस्पताल के बाहर 24 घंटे का धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। समिति का कहना है कि सरकार को यह फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए, क्योंकि इससे महिलाओं को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ेगा।

समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल में प्रसूति और गायनी सेवाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं और इन्हें अलग करना मरीजों के हित में नहीं है। उनके अनुसार यह अस्पताल लंबे समय से महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं देता आ रहा है और यहां की व्यवस्था को अचानक बदलना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार नई सुविधाएं शुरू करना चाहती है, तो उन्हें इसी अस्पताल में विकसित किया जाना चाहिए, न कि सेवाओं को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए।

फालमा चौहान ने यह भी कहा कि आईजीएमसी में पहले से ही मरीजों का दबाव ज्यादा है और वहां जगह व सुविधाओं की कमी है। ऐसे में अगर गायनी ओपीडी को वहां शिफ्ट किया गया, तो महिलाओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ेगा और जांच के लिए अलग-अलग तारीखें लेनी होंगी, जिससे उन्हें और परेशानी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना पर्याप्त तैयारी के जल्दबाजी में यह फैसला लिया है।

जनवादी महिला समिति ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो विरोध और तेज किया जाएगा। समिति ने कहा है कि 30 अप्रैल को आईजीएमसी के बाहर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और अगर इसके बाद भी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया, तो सचिवालय की ओर कूच किया जाएगा।

Next Story