हिमाचल प्रदेश

Shimla: घर से निकले दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल वापस लौटाया

Admindelhi1
19 May 2026 6:34 PM IST
Shimla: घर से निकले दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल वापस लौटाया
x
लापता दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने खोजकर परिवार से मिलाया

शिमला: शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में घर से बिना बताए निकले दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस ने इस पूरे मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की और उन्हें सकुशल घर पहुंचाने में मदद की।

पुलिस के अनुसार सोमवार को जुब्बल क्षेत्र के गांव नकराड़ी, डाकघर झड़ग के रहने वाले दो नाबालिग बच्चे घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही पुलिस टीम की नजर दोनों बच्चों पर पड़ी। बच्चे अकेले घूमते हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें अपने संरक्षण में लिया।

पुलिस ने बच्चों से बातचीत कर उनके बारे में जानकारी जुटाई और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखा। इसके बाद बच्चों के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास शुरू किए गए। मंगलवार को बच्चों के माता-पिता पुलिस थाना पहुंचे, जहां जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया गया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस विशेष संवेदनशीलता के साथ काम करती है और ऐसे मामलों में बच्चों की सुरक्षा, भरोसा और मानवीय सहयोग को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाती है।

Next Story