- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla: पीएम मोदी...
Shimla: पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन, शिमला में 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद

शिमला: राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में मेरा युवा भारत, शिमला एवं माय भारत एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में 27 अगस्त को शिमला के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में “खेलो इंडिया संवाद” एवं “युवा कनेक्ट” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा तथा सीओई राजकीय महाविद्यालय संजौली में आयोजित होगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से संबंधित कार्यक्रम 27 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ किया जा रहा है।
“खेलो इंडिया संवाद” का मुख्य उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक मंच पर लाकर खेलों के विकास, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना है। इसके तहत देशभर के प्रत्येक जिले के एक उत्कृष्ट संस्थान और दो महाविद्यालयों में “युवा कनेक्ट” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उप निदेशक, मेरा युवा भारत शिमला ने बताया कि शिमला जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में युवाओं को खेल जगत से जुड़े व्यक्तित्वों तथा स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहेगा। 27 अगस्त को प्रधानमंत्री देशभर के 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें माई भारत स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद होगा। इस दौरान पिछले वर्षों में देश के खेल ढांचे में आए बदलाव, भारत के बढ़ते खेल तंत्र तथा खेल क्षेत्र में युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा की जाएगी।





