हिमाचल प्रदेश

Shimla: डेढ़ साल के बच्चे की डूबकर मौत, दो दिन में तीसरी त्रासदी

Admindelhi1
10 Jun 2025 1:43 PM IST
Shimla: डेढ़ साल के बच्चे की डूबकर मौत, दो दिन में तीसरी त्रासदी
x

शिमला: जिला में खड्डों में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते दो दिनों में डूबने से अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। ताजा मामला चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र का है, जहां हामलटी खड्ड में सोमवार को डेढ़ वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा से पुलिस थाना नेरवा को सूचना दी गई कि एक छोटे बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। इस पर अन्वेषण अधिकारी एएसआई हरदीप चौहान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक बच्चे की पहचान कृष पुत्र राजू, निवासी गांव एवं डाकघर झारगड़कोट, नेपाल (उम्र लगभग डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार नेपाली मूल का राजू अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पिछले दो वर्षों से नेवटी में जगदीश शर्मा के घर रह रहा था और दिहाड़ी मजदूरी करता था। सोमवार को वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ हामलटी खड्ड के पास काम कर रहा था। काम के दौरान दोनों बच्चे खड्ड के पानी में खेलने लगे, तभी अचानक छोटा बच्चा कृष पानी में गिर गया और डूब गया। जब तक परिजन उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की साजिश या आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। मामले में भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि रविवार को भी शिमला जिले में डूबने से तीन अन्य मौतें हो चुकी हैं। पहला मामला कोटखाई तहसील के दरबार गांव का है, जहां गिरी खड्ड में कपड़े धोते समय 47 वर्षीय महिला और उसकी 30 वर्षीय बेटी की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं दूसरा मामला चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र का ही है, जहां सैंज खड्ड पार करते समय 38 वर्षीय युवक फिसलकर खड्ड में गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे खड्डों और नदियों के समीप विशेष सतर्कता बरतें, विशेष रूप से बच्चों को अकेला न छोड़ें।

Next Story