हिमाचल प्रदेश

Shimla: 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ नाथपा झाकड़ी ने बनाया रिकॉर्ड

Admindelhi1
6 July 2026 10:35 AM IST
Shimla: 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ नाथपा झाकड़ी ने बनाया रिकॉर्ड
x
ऊर्जा क्षेत्र में नया मुकाम, नाथपा झाकड़ी परियोजना ने बनाया रिकॉर्ड

शिमला: भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। परियोजना ने 4 जुलाई को एक ही दिन में 39.571 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली का उत्पादन किया। यह परियोजना के इतिहास में एक दिन का दूसरा सबसे अधिक बिजली उत्पादन है।

एसजेवीएन के एक प्रवक्ता ने रविवार को ये जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ एनजेएचपीएस ने 18 जुलाई 2023 को बनाए गए 39.570 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि परियोजना का अब तक का सबसे बड़ा एकल-दिवसीय उत्पादन रिकॉर्ड 13 अगस्त 2024 का है, जब 39.572 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ था। यह रिकॉर्ड अभी भी कायम है।

वहीं, एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड नाथपा झाकड़ी परियोजना की बेहतर संचालन क्षमता, कर्मचारियों की टीम भावना और लगातार अच्छे प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन भविष्य में भी इसी कार्य संस्कृति के साथ ऊर्जा उत्पादन के नए मानक स्थापित करने का प्रयास जारी रखेगा।

एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह सफलता संगठन की मजबूत कार्य संस्कृति, कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है।

निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का बेहतर प्रदर्शन संगठन की वित्तीय मजबूती और लंबे समय तक स्थिर विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है।

निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने कहा कि यह उपलब्धि परियोजना की तकनीकी विश्वसनीयता, कुशल संचालन, प्रभावी अनुरक्षण व्यवस्था और सभी तकनीकी टीमों के बेहतर समन्वय का नतीजा है।

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस उपलब्धि का श्रेय अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, निदेशक (कार्मिक), निदेशक (वित्त) और निदेशक (परियोजनाएं) के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड संचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम), पावर हाउस और नाथपा टीम की तकनीकी दक्षता, अनुशासित कार्यशैली और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों का भी आभार जताया।

Next Story