हिमाचल प्रदेश

Shimla: सांसद सिकंदर कुमार ने पीएम मोदी से की मुलाकात, विकास कार्यों पर हुई बातचीत

Admindelhi1
13 Aug 2026 9:23 PM IST
Shimla: सांसद सिकंदर कुमार ने पीएम मोदी से की मुलाकात, विकास कार्यों पर हुई बातचीत
x
हिमाचल के विकास और आपदा राहत का मुद्दा, पीएम मोदी से मिले सिकंदर कुमार

शिमला: भाजपा प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने इस बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक, प्रशासनिक और विकास से जुड़ी विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही हाल के दिनों में प्रदेश में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया।

मुलाकात के बाद जारी बयान में डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी दी। प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मौजूदा हालात पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष जुड़ाव रहा है और बातचीत के दौरान प्रदेश के विकास तथा लोगों के हितों को लेकर उनकी चिंता दिखाई दी।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। बैठक के दौरान इन परियोजनाओं की प्रगति और उन्हें आगे बढ़ाने के विषय पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि ऊना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क, नालागढ़ का मेडिकल डिवाइस पार्क, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, आईआईटी मंडी, ट्रिपल आईटी ऊना और केंद्रीय विद्यालयों सहित शिक्षा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र की कई योजनाएं प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण हैं। उनके अनुसार इन परियोजनाओं से विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हिमाचल की सड़क और रेल संपर्क परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कीरतपुर-नेरचौक, शिमला-मटौर, पठानकोट-मंडी और पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों के लिए अहम हैं। इसी तरह भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन और चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजना से प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिला है।

बैठक में हिमाचल प्रदेश में हाल की भारी बारिश, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान पर भी चर्चा हुई। सांसद के अनुसार प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों और परिवारों के प्रति चिंता व्यक्त की तथा केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली और प्रभावित लोगों की सहायता में केंद्र का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।

सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रदेश से जुड़ी नई विकास योजनाओं और संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान राज्यसभा सांसद ने अपनी स्व-रचित पुस्तक ‘मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने पुस्तक स्वीकार करते हुए उनके प्रयास की सराहना की।

Next Story