हिमाचल प्रदेश

Shimla: महिला कांग्रेस ने किशाऊ बांध समझौते का स्वागत किया

Admindelhi1
21 Jun 2026 10:39 AM IST
Shimla: महिला कांग्रेस ने किशाऊ बांध समझौते का स्वागत किया
x
किशाऊ बांध समझौते पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज

शिमला: प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना की पूरी लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने संबंधी समझौते का स्वागत करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व, राजनीतिक समझ और लगातार प्रयासों के कारण यह ऐतिहासिक समझौता संभव हो पाया है।

शनिवार को शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में तृप्ता ठाकुर ने कहा कि इस समझौते से प्रदेश को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी और हिमाचल आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर यमुना नदी पर प्रस्तावित किशाऊ बांध परियोजना से राज्य को हर वर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुरू से ही इस परियोजना को लेकर गंभीर रहे हैं और उनके प्रयासों के चलते लंबे समय से लंबित इस परियोजना को अंतिम रूप दिया जा सका है। तृप्ता ठाकुर ने कहा कि यह समझौता प्रदेश के हित में है और इससे राज्य को भविष्य में आर्थिक लाभ मिलेगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस उपलब्धि का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार इस परियोजना से जुड़े समझौते को अंतिम रूप देने में सफल नहीं हो पाई थी। उनका कहना था कि पूर्व सरकार प्रदेश के हिस्से के लगभग 800 करोड़ रुपये देने के लिए भी तैयार थी, लेकिन उसके कार्यकाल में इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका।

तृप्ता ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश पर पड़ने वाली इस वित्तीय हिस्सेदारी को समाप्त कर राज्य को बड़ी राहत दिलाई है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करती है और इसे प्रदेश के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय मानती है।

Next Story