हिमाचल प्रदेश

Shimla: किशाऊ बांध समझौते के लिए संबंधित सरकारों को जयराम का धन्यवाद

Admindelhi1
16 Sept 2026 11:05 AM IST
Shimla: किशाऊ बांध समझौते के लिए संबंधित सरकारों को जयराम का धन्यवाद
x
किशाऊ परियोजना पर समझौते को लेकर जयराम ने जताई खुशी

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर समझौता ज्ञापन पर संबंधित राज्यों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों का आभार जताया है।

मंगलवार को शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि परियोजना को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में केंद्र ने परियोजना को आगे बढ़ाने की पहल की थी, लेकिन दिल्ली की आम आदमी पार्टी और राजस्थान की कांग्रेस सरकार द्वारा अपने हिस्से को लेकर सहमति नहीं दिए जाने के कारण इसमें देरी हुई।

उन्होंने कहा कि अब दिल्ली द्वारा परियोजना की 75 प्रतिशत लागत और राजस्थान द्वारा 25 प्रतिशत लागत वहन करने पर सहमति बनने के बाद समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि करीब पांच वर्ष पहले परियोजना की अनुमानित लागत 11,500 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 15,000 करोड़ रुपये हो गई है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली और राजस्थान में भाजपा की सरकारें बनने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के आग्रह पर संबंधित राज्यों ने हिमाचल प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी पीठ थपथपाने के बजाय प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संबंधित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का आभार जताएं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने भी हिमाचल के हितों का ध्यान रखा था और अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद ही समझौता संभव हो पाया।

Next Story