- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla: दिवाली पर HRTC...
Shimla: दिवाली पर HRTC की विशेष बसें, हिमाचल में सुविधा बढ़ी

शिमला: दीवाली पर्व पर बाहरी राज्यों में कामकाज करने वाले हिमाचली अपने घरों को लौट सकें, इसके लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने विशेष तैयारी की है। दिवाली पर पर्व 20 अक्टूबर को है। इससे पहले एचआरटीसी 17, 18 और 19 अक्तूबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न जिलों व राज्य के भीतर 250 से ज्यादा स्पैशल बसें चलाएगा। इन बसों के माध्यम से कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर, चंबा, शिमला, बिलासपुर सहित अन्य जिलों के यात्रियों को उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।
एचआरटीसी प्रबंधन के अनुसार त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी डिपो से अलग-अलग तिथियों पर बसों की संख्या तय की गई है। 17 अक्तूबर को कुल 97 बसें चलेंगी, जिनमें दिल्ली से 34, चंडीगढ़ से 55 और बद्दी से 8 बसें होंगी। 18 अक्तूबर को 106 बसें चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली से 44, चंडीगढ़ से 54 और बद्दी से 8। वहीं 19 अक्तूबर को 54 बसें चलेंगी, जिनमें दिल्ली से 6 और चंडीगढ़ से 48 बसें शामिल होंगी।
दीवाली के दिन शाम 5 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक प्रदेशभर में सभी लोकल बस सेवाएं बंद रहेंगी ताकि चालक और परिचालक भी त्योहार मना सकें। हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दीवाली की शाम दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार और अन्य प्रमुख स्थलों के लिए एक-एक लंबी दूरी की बस चलाई जाएगी।
इसके अलावा राजधानी शिमला से निचले हिमाचल के जिलों जैसे हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, ऊना और बिलासपुर के लिए 19 अक्तूबर को विशेष बसें चलाई जाएंगी। त्योहार के बाद भी अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि वापसी करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने बुधवार को बताया कि सभी डिवीजनल मैनेजरों और रीजनल मैनेजरों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक रही, तो मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर यात्री सुरक्षित और समय पर अपने घर पहुंच सके और दीवाली का पर्व अपने परिवार के साथ मना सके।





