हिमाचल प्रदेश

Shimla: पर्यटन बढ़ाने के लिए एचपीटीडीसी की पहल, होटल ऑक्यूपेंसी में वृद्धि

Admindelhi1
15 Jun 2026 1:17 PM IST
Shimla: पर्यटन बढ़ाने के लिए एचपीटीडीसी की पहल, होटल ऑक्यूपेंसी में वृद्धि
x
"एचपीटीडीसी की योजना से होटलों में बढ़ी बुकिंग"

शिमला: हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) अब अपने नियमित पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्लेटिनम, गोल्ड और सिल्वर कार्ड योजना शुरू करने जा रहा है। इन कार्डों के जरिए पर्यटकों को निगम के होटलों में ठहरने पर विशेष छूट और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटन निगम का मानना है कि यह योजना न केवल सैलानियों को लाभ पहुंचाएगी, बल्कि निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी मददगार साबित होगी।

एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि पर्यटन निगम को घाटे से उबारने के लिए कई नए कदम उठाए जा रहे हैं। प्लेटिनम, गोल्ड और सिल्वर कार्ड की वैधता क्रमशः तीन वर्ष, दो वर्ष और एक वर्ष होगी। कार्डधारकों को निगम के होटलों और पर्यटन सेवाओं में विशेष रियायतें दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष हिमाचल में पर्यटन सीजन की शुरुआत सामान्य से कुछ देर से हुई। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां 24 मई से शुरू होने के कारण पर्यटकों की आमद भी अपेक्षाकृत देर से बढ़ी। इसके बावजूद पर्यटन निगम के होटलों की औसत ऑक्यूपेंसी पिछले वर्ष के 63 प्रतिशत से बढ़कर करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके साथ ही निगम के राजस्व में भी लगभग सात प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

राजीव कुमार के अनुसार जून की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं। इसका सीधा असर होटल कारोबार और पर्यटन गतिविधियों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

राजीव कुमार ने कहा कि पर्यटन निगम अब ऑनलाइन बुकिंग बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है। इसके लिए विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्मों के साथ समझौते किए गए हैं। साथ ही जल्द ही भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के साथ भी करार किया जाएगा। उनका कहना है कि इस साझेदारी से एचपीटीडीसी की पहुंच देशभर के करोड़ों संभावित पर्यटकों तक बनेगी और हिमाचल के पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी।

मानसून सीजन को लेकर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार छोटी-मोटी भूस्खलन या सड़क बाधित होने की घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, जिससे पर्यटकों में अनावश्यक डर पैदा होता है। जबकि प्रशासन सड़क, बिजली और अन्य जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल कर देता है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे हिमाचल आने को लेकर किसी तरह की आशंका न रखें।

Next Story