हिमाचल प्रदेश

Shimla: जंगल की आग ने चरवाहे की आजीविका छीनी

Admindelhi1
22 April 2026 2:11 PM IST
Shimla: जंगल की आग ने चरवाहे की आजीविका छीनी
x

शिमला: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र में जंगल में लगी आग ने एक स्थानीय चरवाहे को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। यह घटना मंगलवार देर शाम की है, जब ब्रौनी खड्ड के ऊपर जंगल में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।

इस आग में गांव खड़काग, डाकघर झाकड़ी, तहसील रामपुर के निवासी अंशुल सिंह, पुत्र कपूर सिंह की नौ बकरियां जलकर मर गईं। इसके अलावा बकरी के दो छोटे बच्चे घायल अवस्था में किसी तरह जीवित बच पाए हैं।

आग की चपेट में अंशुल का डेरा (अस्थायी निवास) भी आ गया, जिसमें रखा उनका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इसमें बर्तन, राशन, कपड़े, सोलर लाइट, टॉर्च, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पावर बैंक और दो टेंट शामिल थे। जानकारी अनुसार अंशुल ने 19 अप्रैल को सात भेड़ें बेची थीं, जिनसे मिली एक लाख रुपये की नकदी भी आग में जलकर राख हो गई।

अंशुल सिंह ने बताया कि इस अग्निकांड से उसे लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। यह नुकसान उनके लिए काफी बड़ा है, क्योंकि वे पशुपालन के जरिए ही अपनी आजीविका चलाते थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और उनके पशुओं को खतरा बना रहता है। फिलहाल प्रशासन से प्रभावित व्यक्ति को सहायता देने की मांग की जा रही है।

Next Story