हिमाचल प्रदेश

Shimla: भाजपा की पदयात्रा पर कांग्रेस का तीखा प्रहार: 'यह महज ढकोसला'

Admindelhi1
24 April 2026 10:36 AM IST
Shimla: भाजपा की पदयात्रा पर कांग्रेस का तीखा प्रहार: यह महज ढकोसला
x

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा की जन आक्रोश पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे महज एक ढकोसला करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संसद में पारित महिला आरक्षण कानून के मुद्दे पर देश की महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

विनय कुमार ने कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में पहले ही पारित किया जा चुका है, लेकिन केंद्र सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी कभी भी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं रही, बल्कि वह परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति जताती रही है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में हर वर्ग और हर जाति को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, जिसके लिए जाति आधारित जनगणना अत्यंत आवश्यक है। उनके अनुसार भाजपा एक सोची-समझी रणनीति के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर महिलाओं को भ्रमित कर रही है।

विनय कुमार ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आरक्षण के मुद्दे को एक योजनाबद्ध रणनीति के तहत इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को पहले से ही यह जानकारी थी कि बिल में संशोधन के लिए उसके पास पर्याप्त बहुमत नहीं है, फिर भी कुछ राज्यों के विधानसभा चुनावों में लाभ लेने के उद्देश्य से विशेष सत्र बुलाकर इसे बिना विस्तृत चर्चा के पारित किया गया।

Next Story