- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla: मुख्यमंत्री ने...
Shimla: मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, बताया संघर्ष का प्रतीक

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनजातीय समाज के गौरव, धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की आवाज को सशक्त बनाया तथा अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आज भी समाज को स्वाभिमान, सामाजिक न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से उनके आदर्शों को अपनाने और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा का योगदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और जनजातीय अस्मिता के संरक्षण में सदैव स्मरणीय रहेगा।





