हिमाचल प्रदेश

Shimla: 16 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र, हिमाचल में विपक्ष तैयार

Admindelhi1
7 Feb 2026 8:12 PM IST
Shimla: 16 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र, हिमाचल में विपक्ष तैयार
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का चौदहवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि सत्र का शुभारम्भ 16 फरवरी को अपराह्न 2 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा। राज्यपाल की संस्तुति मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन में शोक प्रस्तावों का उल्लेख किया जाएगा और उसके उपरांत विधायी कार्यवाही शुरू होगी।

इस सत्र के दौरान वित्त वर्ष 2026–27 का बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सदन में पेश करेंगे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बजट सत्र में कुल कितनी बैठकें आयोजित होंगी और किस तारीख को मुख्यमंत्री बजट पेश करेंगे।

आम तौर पर बजट सत्र को विधानसभा का सबसे महत्वपूर्ण सत्र माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान सरकार आगामी वित्तीय वर्ष के लिए अपनी नीतियों, योजनाओं और वित्तीय प्राथमिकताओं का खाका प्रस्तुत करती है। इस बार भी राज्य सरकार से विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं, राजस्व संसाधनों और वित्तीय प्रबंधन को लेकर अहम घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है।

बजट सत्र से पहले राजनीतिक माहौल भी गर्म होता दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) समाप्त किए जाने के मुद्दे पर प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस लगातार केंद्र पर हमलावर है और इसे राज्य के वित्तीय हितों के लिए बड़ा झटका बता रही है। माना जा रहा है कि यह मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठ सकता है और इस पर तीखी बहस होने की संभावना है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में 17 फरवरी को आरडीजी के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा था, जिसे बाद में यह कहते हुए स्वीकार नहीं किया गया कि इस विषय पर चर्चा बजट सत्र के दौरान ही कराई जा सकती है। इसके बाद अब बजट सत्र में ही इस मुद्दे के उठने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

Next Story