हिमाचल प्रदेश

Shimla: शिमला में मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे दृष्टिहीन

Admindelhi1
21 April 2026 2:35 PM IST
Shimla: शिमला में मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे दृष्टिहीन
x

शिमला: राजधानी शिमला में दृष्टिहीन संघ का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। अपनी मांगों को लेकर संघ के सदस्यों ने मंगलवार को प्रदेश सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी शर्टलेस होकर धरने पर बैठे और चक्का जाम भी किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

संगठन का कहना है कि वे पिछले 918 दिनों से लगातार धरना दे रहे हैं और अब तक यह उनका 30वां चक्का जाम है। उनका मुख्य मुद्दा बैकलॉग भर्तियों को भरने का है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

दृष्टिहीन संघ के सदस्य राजेश ठाकुर ने कहा कि वे केवल अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के लिए सरकार तैयार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक मुख्यमंत्री की ओर से बातचीत के लिए कोई पहल नहीं की गई है, जिससे संगठन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

संगठन ने सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि अगर इस अवधि के भीतर मुख्यमंत्री के साथ बैठक का लिखित आश्वासन नहीं मिलता है, तो वे मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा और प्रदेश भर से दिव्यांग लोग शिमला पहुंचेंगे।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे और कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह अन्य विभागों में भर्तियां की जा रही हैं, उसी तरह दिव्यांग लोगों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।

Next Story