हिमाचल प्रदेश

Shimla: भाजपा ने मनाया वंदे मातरम् जयंती, अनुराग और जयराम शामिल

Admindelhi1
7 Nov 2025 5:32 PM IST
Shimla: भाजपा ने मनाया वंदे मातरम् जयंती, अनुराग और जयराम शामिल
x

शिमला: राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में एक साथ सामूहिक गान का आयोजन किया। देशभर में इस अवसर पर भाजपा द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें वंदे मातरम् के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व को याद किया जा रहा है।

शिमला संसदीय क्षेत्र में यह कार्यक्रम राजधानी के होटल वुडविल पैलेस में आयोजित किया गया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर तथा सांसद सुरेश कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने अन्य कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ मिलकर पूरे वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत माता के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रीय एकता और आजादी के आंदोलन की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने लाखों देशभक्तों में जोश और बलिदान की भावना जगाई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आजादी के 150 वर्ष बाद भी वंदे मातरम् हर भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रज्वलित करता है। वहीं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस गीत की पंक्तियाँ हमें यह याद दिलाती हैं कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति, मातृभूमि और एकता में बसती है।

भाजपा ने इस अवसर को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। देशभर में यह अभियान एक वर्ष तक चलेगा, जिसमें विभिन्न स्थानों पर वंदे मातरम् के सामूहिक गान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनजागरण अभियानों का आयोजन किया जाएगा।

Next Story