हिमाचल प्रदेश

Shimla: राष्ट्रमंडल सम्मेलन के बाद अध्ययन यात्रा पर विधानसभा अध्यक्ष

Admindelhi1
22 Sept 2026 11:03 AM IST
Shimla: राष्ट्रमंडल सम्मेलन के बाद अध्ययन यात्रा पर विधानसभा अध्यक्ष
x
विधानसभा अध्यक्ष पठानिया करेंगे तीन देशों का अध्ययन दौरा

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के समापन के बाद तीन देशों के अध्ययन प्रवास पर हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार वह इटली, फिनलैंड और नॉर्वे का दौरा कर रहे हैं। अध्ययन प्रवास के पहले चरण में पठानिया शनिवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे।

रोम में दो दिन के प्रवास के बाद विधानसभा अध्यक्ष रेल मार्ग से वेनिस के लिए रवाना हुए। वेनिस इटली का प्रमुख पर्यटन शहर है, जो अपनी नहरों और गोंडोला नौकाओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां रियाल्टो ब्रिज, सेंट मार्क्स बेसिलिका और डोज पैलेस प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं। रोम अपने प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला और कोलोसियम जैसी ऐतिहासिक इमारतों के लिए जाना जाता है।

वेनिस प्रवास के दौरान पठानिया ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय के कुछ लोगों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं की जानकारी भारतीय समुदाय और स्थानीय लोगों के साथ साझा की। उन्होंने प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं से उन्हें अवगत करवाया।

विधानसभा अध्यक्ष अब रेल मार्ग से वेनिस से मिलान के लिए रवाना हुए। उनका 21 और 22 सितंबर को मिलान में प्रवास निर्धारित है। इसके बाद उनके तय कार्यक्रम के अनुसार अध्ययन प्रवास के अगले चरण में फिनलैंड और नॉर्वे जाने का कार्यक्रम है।

Next Story