हिमाचल प्रदेश

Shimla: 20 फरवरी को नई दिल्ली में होगी कांग्रेस की अहम बैठक

Admindelhi1
18 Feb 2026 7:14 PM IST
Shimla: 20 फरवरी को नई दिल्ली में होगी कांग्रेस की अहम बैठक
x

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया है कि 20 फरवरी को नई दिल्ली में मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी चेतन चौहान तथा विदित चौधरी भी विशेष रूप से बैठक में शामिल होंगे।

नई दिल्ली रवाना होने से पूर्व शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनय कुमार ने कहा कि बैठक में प्रदेश की ताज़ा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग द्वारा प्रदेश का राजस्व घाटा अनुदान बंद करने के निर्णय से उत्पन्न स्थिति से केंद्रीय आलाकमान को अवगत कराया जाएगा। साथ ही केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश के साथ किए जा रहे कथित भेदभाव के मुद्दे को भी मजबूती से उठाया जाएगा।

विनय कुमार ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान बंद करने के फैसले के विरोध में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलने के लिए समय मांगेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते से प्रदेश के सेब बागवानों को होने वाले संभावित नुकसान के विषय में भी केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने के विरोध में प्रदेश में चल रहे आंदोलन की पूरी रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में प्रदेशहित से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस रणनीति बनाई जाएगी।

Next Story