हिमाचल प्रदेश

Shimla: शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़, सड़कों पर रेंगता रहा यातायात

Admindelhi1
13 Jun 2026 11:54 AM IST
Shimla: शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़, सड़कों पर रेंगता रहा यातायात
x
शिमला में टूरिस्ट सीजन का असर, हाईवे पर लगा भीषण जाम

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पर्यटन सीजन पूरे शबाब पर है। मैदानी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार पड़ रहे लंबे वीकेंड के कारण पर्यटकों का रुख बड़ी संख्या में पहाड़ों की ओर हो रहा है। इसका सबसे बड़ा असर शिमला में देखने को मिल रहा है, जहां शुक्रवार को शिमला में एक ही दिन में करीब 23 हजार वाहनों की आवाजाही हुई। पर्यटकों की भारी आमद के चलते कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिमला के प्रवेश द्वारों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों को घंटों तक धीमी रफ्तार वाले ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी भारी भीड़ रही, जबकि कई होटलों में कमरे लगभग भर चुके हैं। शहर और आसपास के प्रमुख पार्किंग स्थलों पर भी वाहनों की भरमार देखी गई।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि सप्ताहांत की दो छुट्टियों और मैदानी क्षेत्रों में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। मौसम में आई ठंडक और हाल की बारिश ने भी पर्यटकों को आकर्षित किया है।

जिला शिमला पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम तक केवल शोघी बैरियर से ही करीब 23 हजार वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इनमें लगभग 12 हजार वाहन अन्य राज्यों से आए पर्यटकों के थे। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ राजधानी में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भारी यातायात दबाव के बावजूद पुलिस ने पूरे दिन ट्रैफिक व्यवस्था को संभाले रखा। हालांकि कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं और कई किलोमीटर तक ट्रैफिक धीमी गति से चलता रहा।

शिमला में प्रवेश करने वाले मार्गों, शोघी, तारादेवी, संजौली और शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास दिनभर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक रही।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर स्थानीय यातायात पर भी पड़ा और कई स्थानों पर लोगों को पार्किंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। होटल कारोबारियों के अनुसार सप्ताहांत के लिए पहले से बड़ी संख्या में बुकिंग हो चुकी हैं और आने वाले दो दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।

इस बीच, बढ़ते ट्रैफिक दबाव के दौरान कई चुनौतियां भी सामने आईं। पुलिस के मुताबिक शोघी बैरियर क्षेत्र में दो सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जबकि दो भारी वाहन खराब हो गए। इसके अलावा शहर के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर एक बस और दो अन्य वाहन खराब होने की घटनाएं सामने आईं। ऐसी परिस्थितियों में लंबे जाम की आशंका थी, लेकिन यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को हटाया और यातायात को सुचारू बनाए रखा। जिला शिमला पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग से बचने तथा यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त निगरानी और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।

Next Story