- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla: डीएसपी के...
Shimla: डीएसपी के मेडिकल रेस्ट की जांच के लिए बोर्ड गठित

शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीएसपी विजय कुमार रघुवंशी के 19 मई 2026 से लगातार चल रहे मेडिकल रेस्ट की अब मेडिकल बोर्ड जांच करेगा। गृह विभाग ने उनकी बीमारी की स्थिति और इतने लंबे समय तक मेडिकल रेस्ट की जरूरत के संबंध में राय लेने के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, शिमला के चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित कराया है। विभाग के 14 सितंबर के पत्र के अनुसार विजय कुमार ने कॉक्सीडीनिया की शिकायत बताई है, जिसके कारण उन्हें बैठने में परेशानी होने की बात कही गई है।
गृह विभाग के अनुसार विजय कुमार 12 मार्च से 10 मई 2026 तक भी स्वास्थ्य खराब होने का कारण बताते हुए अर्जित अवकाश पर रहे थे। इसके बाद 19 मई से वह लगातार मेडिकल रेस्ट पर हैं। विभाग के पत्र में कहा गया है कि 11 मई से 19 मई के बीच भी उन्होंने बीमारी के कारण सौंपे गए महत्वपूर्ण सरकारी कार्य नहीं किए। आईजीएमसी के हड्डी रोग विभाग की मेडिकल पर्चियों के आधार पर उनका मेडिकल रेस्ट समय-समय पर बढ़ाया गया। यह रेस्ट 30 अगस्त तक था। इसके बाद 31 अगस्त की मेडिकल पर्ची में उन्हें चार सप्ताह और, यानी 27 सितंबर तक आराम की सलाह दी गई।
बीमारी की स्थिति पर मेडिकल बोर्ड देगा राय
गृह विभाग ने आईजीएमसी के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट से विजय कुमार की मेडिकल जांच के लिए उपयुक्त मेडिकल बोर्ड गठित करने को कहा था। बोर्ड में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, आईजीएमसी को अध्यक्ष बनाया गया है। आईजीएमसी के हड्डी रोग और मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष या उनके प्रतिनिधि सदस्य हैं। विभाग ने बोर्ड से बीमारी के इतिहास और मौजूदा स्थिति की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
विजय कुमार को मेडिकल बोर्ड के समक्ष संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड और दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। गृह विभाग ने मेडिकल बोर्ड की राय तीन दिन के भीतर विशेष दूत या ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा था। विभाग ने पत्र में कहा है कि लगातार मेडिकल रेस्ट और नई तैनाती पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं करने के कारण सक्षम प्राधिकारी ने बीमारी और इतने लंबे मेडिकल रेस्ट की जरूरत की जांच कराने का निर्णय लिया है।
विजय कुमार का आईआरबीएन सकोह में स्थानांतरण, 16 सितंबर को रिलीविंग आदेश
विजय कुमार का स्थानांतरण दूसरी भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह जिला कांगड़ा के लिए किया गया है। 10 अगस्त 2026 की सरकारी अधिसूचना में उनका नाम दूसरी आईआरबीएन सकोह में डीएसपी के रूप में स्थानांतरण किए गए अधिकारियों में शामिल था।
शिमला जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने 16 सितंबर को जारी आदेश में विजय कुमार रघुवंशी डीएसपी मुख्यालय को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती के लिए रिलीव करने की बात कही है। आदेश में कहा गया है कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय और डीआईजी/एसआर कार्यालय से मिले निर्देशों के अनुपालन में की गई है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में भी शिकायत
विजय कुमार रघुबंशी की ओर से जातीय भेदभाव और उत्पीड़न के आरोपों की शिकायत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में भी की गई है। उन्होंने 3 जून 2026 को आयोग में शिकायत दी थी। इसमें सरकारी वाहन वापस लेने, स्थानांतरण और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आरोप लगाए गए थे। आयोग ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से जवाब और संबंधित रिकॉर्ड मांगे हैं।
इस मामले में जातीय भेदभाव या प्रशासनिक उत्पीड़न के आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष अभी नहीं आया है। आयोग की कार्यवाही शिकायत, संबंधित दस्तावेजों और अधिकारियों के जवाबों की जांच की प्रक्रिया में है। मेडिकल बोर्ड की प्रक्रिया अलग से विजय कुमार रघुबंशी की बीमारी और लगातार मेडिकल रेस्ट की आवश्यकता से संबंधित है।





