हिमाचल प्रदेश

Shimla: 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये, 2 अक्टूबर को लॉन्च होगी योजना

Admindelhi1
25 Aug 2026 3:56 PM IST
Shimla: 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये, 2 अक्टूबर को लॉन्च होगी योजना
x
हिमाचल सरकार की ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना 2 अक्टूबर को होगी लॉन्च

शिमला: हिमाचल विधानसभा में सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं पर नियम 130 के तहत चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 2 अक्तूबर को ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना लांच करेगी। इसके तहत पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टरों के पद भरेगी, जबकि दिसंबर से मार्च के बीच मेडिकल कॉलेजों में नर्सों के सभी रिक्त पद चरणबद्ध तरीके से भरने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी, चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेजों को देश के बेहतर चिकित्सा संस्थानों में शामिल करने के लिए सरकार आधुनिक मशीनरी और उपकरण उपलब्ध करवा रही है।

हिमकेयर जांच पर सुक्खू का पलटवार: हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच भाजपा के कहने पर ही करवाई जा रही है। भाजपा ने अपनी चार्जशीट में सुधीर, हर्ष और राणा समेत कई लोगों पर आरोप लगाए थे। अब उन्हीं आरोपों की जांच हो रही है तो भाजपा को परेशानी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को बचाने वाली नहीं है और जांच में भ्रष्टाचार की एक-एक परत खोली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने हिमकेयर में कथित अनियमितताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि जांच में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां चार पुरुषों के बच्चेदानी के ऑपरेशन के बिल बनाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Next Story