हिमाचल प्रदेश

Shimla: 18 एचएएस अधिकारियों के तबादले, तीन एचएएस व एक आईएएस के आदेश रद्द

Admindelhi1
20 July 2026 10:21 AM IST
Shimla: 18 एचएएस अधिकारियों के तबादले, तीन एचएएस व एक आईएएस के आदेश रद्द
x
प्रशासनिक फेरबदल तेज, एचएएस और आईएएस आदेशों में संशोधन

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इसके साथ ही तीन एचएएस अधिकारियों और एक आईएएस अधिकारी के पहले जारी तबादला आदेश भी रद्द कर दिए गए हैं। इस संबंध में रविवार को मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।

भूपेंद्र कुमार अब हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। डॉ. (मेजर सेवानिवृत्त) विशाल शर्मा को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव पद से बदलकर डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। संजीव कुमार-1 को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। डॉ. मदन कुमार को मंडी के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पद से बदलकर नगर निगम मंडी का आयुक्त बनाया गया है।

शिल्पी बेक्टा अतिरिक्त सचिव (लोक निर्माण विभाग) के साथ राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी। डॉ. अमित गुलेरिया को अतिरिक्त सचिव (जल शक्ति विभाग) नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद डॉ. विकास सूद से यह अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया है। राम प्रसाद को हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर में संयुक्त सचिव बनाया गया है। डॉ. (मेजर सेवानिवृत्त) अवनिंदर कुमार को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से बदलकर सीएसके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का कुलसचिव नियुक्त किया गया है।

रमन घरसांघी को एसपीवी धर्मशाला के महाप्रबंधक (कार्मिक) पद से बदलकर सरकार में संयुक्त सचिव (एमपीपी एवं ऊर्जा) बनाया गया है। इस पद का कार्यभार अब तक संभाल रहे आईएएस अधिकारी शुभ करण सिंह को इससे मुक्त कर दिया गया है। डॉ. (श्रीमती) पूनम को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कार्यालय सोलन नियुक्त किया गया है। गौरव महाजन को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। अंकुश शर्मा को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा से बदलकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला का सचिव नियुक्त किया गया है।

अपराजिता चंदेल को नगर निगम मंडी में संयुक्त आयुक्त बनाया गया है। विजय कुमार-द्वितीय को कार्मिक विभाग के पूल में आगे की तैनाती के लिए भेजा गया है। विश्व मोहन देव चौहान को एचआरटीसी का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। राजीव ठाकुर अब क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) हमीरपुर के रूप में ही कार्य करेंगे। चिराग शर्मा को हमीरपुर से बदलकर चंबा का एसडीएम बनाया गया है। सुरेंद्र कुमार कटोच को नगर निगम धर्मशाला के संयुक्त आयुक्त पद से बदलकर सलूणी का एसडीएम नियुक्त किया गया है। चन्द्रवीर सिंह को सलूणी के एसडीएम से बदलकर नगर निगम धर्मशाला का संयुक्त आयुक्त बनाया गया है।

सरकार ने छह और 10 जुलाई को जारी कुछ तबादला आदेश भी रद्द कर दिए हैं। सिद्धार्थ आचार्य की एचआरटीसी के कार्यकारी निदेशक के रूप में तैनाती, कपिल तोमर की युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में संयुक्त निदेशक के रूप में तैनाती और पद्मा छोडोन की उदयपुर (लाहौल-स्पीति) में एसडीएम के रूप में तैनाती रद्द कर दी गई है। इसके अलावा आईएएस अधिकारी अभिषेक कुमार गर्ग का अतिरिक्त उपायुक्त (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए) हमीरपुर से हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक के पद पर किया गया तबादला भी रद्द कर दिया गया है।

Next Story