- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla: सिम बंद होने...
Shimla: सिम बंद होने के बाद बैंक खाते से निकले 11 लाख, केस दर्ज

शिमला: मोबाइल सिम अचानक बंद हुआ और कुछ ही दिनों के भीतर बैंक खाते से लाखों रुपये की रकम निकल गई। 65 वर्षीय व्यक्ति के खाते से बिना जानकारी और अनुमति के कुल 11,04,799.61 रुपये ट्रांसफर किए गए। ये सारी शिकायतकर्ता के अनुसार उसने इनमें से कोई लेनदेन नहीं किया था। मामला शिमला जिला के चिड़गांव थाना क्षेत्र में सामने आया है।
शिकायतकर्ता दारा सिंह बांशा के खाते से 5 से 18 सितंबर 2026 के बीच 33 अनाधिकृत यूपीआई लेनदेन के जरिए कुल 11,04,799.61 रुपये ट्रांसफर किए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने इनमें से कोई लेनदेन नहीं किया और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को इसकी अनुमति दी थी।
दारा सिंह बांशा शिमला जिला के चिडग़ांव तहसील के चिचवाड़ी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि चिडग़ांव स्थित यूको बैंक में उनका खाता है। उनके अनुसार 5 सितंबर को उनका मोबाइल सिम अचानक काम करना बंद हो गया। इसके बाद मोबाइल पर न तो कॉल आ रही थी और न ही संदेश मिल रहे थे। शिकायतकर्ता ने इसे सिम स्वैप या सिम क्लोनिंग से जुड़ी घटना होने की आशंका जताई है। इसी अवधि में उनके बैंक खाते से अलग-अलग यूपीआई लेनदेन के जरिए रकम ट्रांसफर होती रही।
शिकायत के मुताबिक 5 सितंबर से 18 सितंबर के बीच कुल 33 अनधिकृत लेनदेन हुए। इनसे खाते से 11 लाख 4 हज़ार 799 रुपये ट्रांसफर किए गए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को सभी 33 लेनदेन का विवरण भी सौंपा है। इसमें प्रत्येक लेनदेन की तारीख, ट्रांजेक्शन आईडी या यूटीआर नंबर और संबंधित रकम का ब्योरा शामिल है। उनका कहना है कि इन लेनदेन के कारण उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति हुई है।
पुलिस ने दारा सिंह की शिकायत पर चिडग़ांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में खाते से हुए सभी 33 लेनदेन और उनसे संबंधित विवरण की पड़ताल की जा रही है। रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।





