- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- कृष्ण के स्वरूप पर...
कृष्ण के स्वरूप पर विवाद को शांता कुमार ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, दी नसीहत

शिमला: भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री और योग गुरु स्वामी रामदेव के बीच उठे विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोनों धार्मिक नेताओं से आपसी टकराव समाप्त करने और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।
शांता कुमार ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप अत्यंत व्यापक और विशिष्ट है। भारतीय शास्त्रों में उन्हें 16 कला संपूर्ण अवतार माना गया है। उनके जीवन में प्रेम, आनंद, कर्तव्य, शरारत और ज्ञान का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, जबकि श्रीकृष्ण ने जीवन के विभिन्न पक्षों को स्वीकार करते हुए मानवता को गीता का महान संदेश दिया। शांता कुमार ने स्पष्ट किया कि दोनों अवतारों का अपना विशिष्ट महत्व है और उनकी तुलना को लेकर विवाद नहीं होना चाहिए।
उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री और स्वामी रामदेव से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे पर टकराव से बचें और धार्मिक परंपराओं के प्रति आपसी सम्मान बनाए रखें।





