हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड: शिमला सहित 8 स्थानों का हुए न्यूनतम तापमान माइनस

Deepa Sahu
16 Dec 2021 2:43 PM GMT
हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड: शिमला सहित 8 स्थानों का हुए न्यूनतम तापमान माइनस
x
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के आठ शहरों का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। बुधवार की रात प्रदेश में इस सीजन की सबसे ठंडी रिकॉर्ड हुई। सड़कों पर कोहरा जमने लगा है। कई क्षेत्रों में पीने के पानी के पाइप भी जम गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने के आसार हैं। 18 से 20 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में धूप खिली रहने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी शिमला में दोपहर तक मौसम साफ रहा।

शाम होते ही शहर में बादल छा गए। ठंडी हवाएं चलने से शहर के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा। न्यूनतम तापमान में कमी आने से सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर पानी जमने से वाहनों के फिसलने का खतरा बन गया है। शिमला के कई क्षेत्रों में गुरुवार सुबह कोहरा पड़ने से सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन गई है। वर्ष 2020 में 28 दिसंबर को शिमला का न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था।
गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 20.0, बिलासपुर में 19.0, कांगड़ा में 16.6, हमीरपुर में 16.3, नाहन में 16.0, सुंदरनगर में 15.8, भुंतर में 15.9, चंबा में 13.9, धर्मशाला में 11.9, शिमला में 10.5, कल्पा में 7.0, केलांग में 2.1 और डलहौजी में 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान
केलांग - 7.9
कल्पा - 6.0
मनाली - 2.0
कुफरी - 1.8
भुंतर - 1.0
सुंदरनगर - 0.7
सोलन - 0.4
शिमला - 0.2
Next Story