हिमाचल प्रदेश

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों की वीरता और बलिदान को किया सलाम

Admindelhi1
22 Oct 2026 9:26 AM IST
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों की वीरता और बलिदान को किया सलाम
x
पुलिस स्मृति दिवस पर वीर जवानों के बलिदान को किया याद

धर्मशाला: धर्मशाला स्थित पुलिस लाइंस में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पूर्ण गरिमा, श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह के दौरान शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया। पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में मनाया जाता है। इस दिवस का ऐतिहासिक महत्व वर्ष 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का सामना करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 वीर जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में उस ऐतिहासिक घटना के 67 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं।

धर्मशाला पुलिस लाइंस में आयोजित समारोह में डीआईजी, नॉर्थ रेंज सौम्या सांबशिवन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा की विशेष उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त संजीव चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आर.पी. जसवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, करण, डीएसपी (सीआईडी), निशा देवी, डीएसपी (एलआर) तथा राजेश कुमार, एसडीपीओ कांगड़ा सहित जिला के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत अधिकारियों द्वारा पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सुरक्षा एवं सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया।

Next Story