- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- खाई में गिरी रूस की...

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | ओल्ड मनाली के जंगल में ट्रैकिंग पर गई रूस की महिला को पुलिस और एडवेंचर टूअर ऑपरेटर एसोसिएशन (एटीओए) ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बचाया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दल ने महिला को मिशन अस्पताल मनाली पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला गाइड की सहायता लिए बिना ही सहेली के साथ ट्रैकिंग पर गई थी।
रूस की महिला सहेली के साथ ओल्ड मनाली के पीछे मनालसू नदी की ओर ट्रैकिंग पर गई थी। इस दौरान करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सहेली ने मनाली थाने में इसकी जानकारी दी। रात करीब 8:30 बजे जानकारी मिलते ही पुलिस टीम महिला को रेस्क्यू करने के लिए ओल्ड मनाली की ओर रवाना हुई। एडवेंचर टूअर ऑपरेटर एसोसिएशन का दल भी रवाना हुआ। सड़क से करीब पांच किलोमीटर दूर जंगल में गिरी महिला चलने में सक्षम नहीं थी। उसे गंभीर चोटें आई हैं।
मनाली थाने से एएसआई प्रकाश चंद, पीएसआई ईशांत सेन, विनोद कुमार, गोविंद, रूबीना और एटीओए के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को खाई से निकाला। इसके बाद उसे स्ट्रेचर पर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। घटनास्थल से सड़क तक पहुंचाने में टीम को करीब तीन घंटे लगे।
टीम में एटीओए से पिंटू, जोगी, दीवान, बोनी, सनी, रवि ठाकुर, भीमसेन, गुड्डू, अक्षय कपूर और दो पोटर शामिल थे। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि महिला को रेस्क्यू कर लिया गया है। वह मिशन अस्पताल में उपचाराधीन है।