हिमाचल प्रदेश

धर्मशाला में आरएस बाली की बड़ी घोषणा, बनेगी 1 करोड़ की AI लैब

Admindelhi1
24 Nov 2026 2:54 PM IST
धर्मशाला में आरएस बाली की बड़ी घोषणा, बनेगी 1 करोड़ की AI लैब
x
आरएस बाली ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, नशे से दूर रहने की अपील

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने सोमवार को मस्सल स्थित राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक समारोहों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

आरएस बाली ने इंजीनियरिंग कॉलेज में दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम और एक करोड़ रुपये की लागत से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंप्यूटर लैब स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए विशेष केंद्र खोलने और उसका आवश्यक खर्च स्वीकृत करने की बात कही।

उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मस्सल के लिए पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आरएस बाली ने शिक्षा, संस्कृति और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में सहयोग देने का आह्वान किया।

Next Story