हिमाचल प्रदेश

केलांग में माइनस डिग्री तापमान में हुआ गणतंत्र दिवस समारोह, शिमला में बारिश-बर्फबारी के बीच भव्य परेड

Kunti Dhruw
26 Jan 2022 1:42 PM GMT
केलांग में माइनस डिग्री तापमान में हुआ गणतंत्र दिवस समारोह, शिमला में बारिश-बर्फबारी के बीच भव्य परेड
x
73वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हिमाचल प्रदेश में हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया।

73वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हिमाचल प्रदेश में हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित किया। इसके अलावा जिलों में भी जिला स्तरीय समारोह हुए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। लोक कलाकारों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोक नृत्यों की प्रस्तुति देकर समारोह में चार चांद लगाए। केलांग में बर्फ के बीच माइनस डिग्री तापमान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया।

वहीं, राजधानी शिमला में हल्की बारिश-बर्फबारी के बीच समारोह हुआ। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। राज्यपाल ने इस अवसर पर परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर 2 नागा रेजिमेंट जतोग के कैप्टन गुरदेव सिंह के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मार्च पास्ट में सेना, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, राज्य पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन सेवाएं और हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबंधन, पूर्व सैनिक, एनसीसी व एनएसएस आदि के कैडेट्स शामिल रहे। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बिजली बोर्ड की महिला सशक्तीकरण को लेकर तैयार झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अधिमान देना था। झांकी में महिलाएं दफ्तर में बैठकर क्लर्क का काम और खंभे पर चढ़कर बिजली बहाल करती नजर आईं। साथ ही तकनीकी कर्मचारी महिलाएं स्वतंत्र रूप से विद्युत आपूर्ति को बहाल रखने में अपना योगदान करती दिखाई दीं। ं ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकियों को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। नगर निगम शिमला को दूसरा और शिक्षा विभाग की झांकी को तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान किए।
Next Story