- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- मंडी में 'छोटी काशी का...
मंडी में 'छोटी काशी का शाक्त मत और तंत्र परंपरा' पुस्तक का विमोचन

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित पड्डल हृदय मंदिर परिसर में हृदयवासी सेवा समिति के वार्षिक उत्सव के दौरान साहित्यकार सत्य महेश शर्मा की नई पुस्तक 'छोटी काशी का शाक्त मत और तंत्र परंपरा' का विमोचन किया गया। पुस्तक में मंडी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक का विमोचन मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राकेश कपूर, नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर, डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा और समिति अध्यक्ष सुरेश बिष्ट की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश ने कहा कि मंडी केवल मंदिरों का शहर नहीं, बल्कि आस्था, साधना और तंत्र परंपरा की महत्वपूर्ण भूमि है। उन्होंने पुस्तक को मंडी की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक मान्यताओं को समझने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
पुस्तक में मंडी के देवी मंदिरों, शक्तिपीठों, तंत्र साधना और स्थानीय लोक मान्यताओं से जुड़ी परंपराओं का वर्णन किया गया है।
कार्यक्रम में लेखक के पिता सुदर्शन शर्मा, डॉ. सुशील चंद्र शर्मा, साहित्यकार मुरारी शर्मा, डॉ. जगदीश शर्मा और डॉ. देवेंद्र ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इससे पहले सत्य महेश शर्मा की 'छोटी काशी का अध्यात्म और मूर्तिकला', 'मम मातु', 'थोड़ी सी संवेदना' और 'अद्भुत पराशर' सहित कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।





