हिमाचल प्रदेश

राजीव शुक्ला ने जिलाध्यक्षों को दिए निर्देश

Shantanu Roy
16 Jun 2023 9:28 AM GMT
राजीव शुक्ला ने जिलाध्यक्षों को दिए निर्देश
x
शिमला। हिमाचल कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में वीरवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्षों को 20 जुलाई तक सभी बूथ कमेटियों का गठन करने के निर्देश दिए, साथ ही बूथ कमेटियों की पूरी सूची प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजने को कहा। राजीव शुक्ला ने पार्टी जिलाध्यक्षों से कहा कि पूर्व की भांति उन्हें इस बार भी लोकसभा चुनाव में पूरे मनोबल व एकता से उतरना है। भाजपा की तानाशाही नीतियों व जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ सभी को लोगों के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है और आगामी लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज कर केंद्र में सरकार बनाएगी, ऐसे में सभी ने एकजुट होकर प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करनी है। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह बिट्टू, संगठन महामंत्री रजनीश किमटा व महासचिव अमित पाल सिंह सहित सभी जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस मामलों के सह प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह बिट्टू ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही संगठन के सभी पदाधिकारियों की भी एक बैठक ली जाएगी। प्रदेश सह प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह बिट्टू ने भी बैठक में स्पष्ट किया कि संगठन की बैठकों से लगातार नदारद रहने वाले पदाधिकारियों की जगह नए पदाधिकारी बना कर उन्हें जिम्मेदारियां दी जाएंगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों ने अपने ब्लॉकों की वस्तुस्थिति की पूरी जानकारी दी।
Next Story