- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- छह दिवसीय रेणुका जी...
छह दिवसीय रेणुका जी मेले की तैयारियां पूरी, DC प्रियंका वर्मा ने लिया जायजा

नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2026 का शुभारंभ 19 नवंबर को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। छह दिवसीय मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बुधवार को श्री रेणुकाजी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के शुभारंभ से पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री संगड़ाह और ददाहू बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रियंका वर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश और बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से मेले में भाग लेने की अपील की।
इस वर्ष मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। मेला परिसर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि मेले में साफ-सफाई के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महाविद्यालयों और स्कूलों के एनएसएस विद्यार्थियों के साथ बैठक कर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
इसके अलावा प्लास्टिक के विकल्प के रूप में प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की व्यवस्था भी की गई है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्धारित नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और मेला परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग देने की अपील की।
जिला प्रशासन का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से संपन्न कराना है।





