हिमाचल प्रदेश

प्री मानसून के बादल बरसे, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

Neha Dani
15 Jun 2022 2:31 PM GMT
प्री मानसून के बादल बरसे, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
x
पढ़े पूरी खबर

शिमला: हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार को प्री मानसून के बादल बरसे। जिला कुल्लू की गडसा घाटी में बादल फटने से कई घरों में पानी और मलबा चला गया। एक गाय बह गई और दो सड़कें बंद हो गईं। राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, कुल्लू, मनाली, भुंतर में बुधवार शाम को बारिश हुई। मंडी जिले के सराज और चौहारघाटी में भारी ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं, कांगड़ा जिले के मुल्थान क्षेत्र की बरोट व खलैहल पंचायत के गांव मियोट, खलैहल, सारंग, छोटी झरबाड में ओलावृष्टि से गोभी, मूली, मटर, धनिया की खेतों में लगाई पनीरी नष्ट हो गईं। कई जगह बिजली भी गुल हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में 19 जून तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 20 जून को प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में बुधवार को दिन भर हल्के बादल छाए रहे। शाम करीब छह बजे शहर में झमाझम बारिश शुरू हुई। शहर के मौसम में हल्की ठंडक बढ़ गई है। जिला कुल्लू में बुधवार दोपहर बाद बारिश हुई। बारिश सेब के साथ कृषि के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। बुधवार को धर्मशाला और जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र मुल्थान में बादल बरसे।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 43.0 28.0
बिलासपुर 41.0 26.0
कांगड़ा 38.8 25.3
हमीरपुर 39.6 23.2
नाहन 36.0 25.7
चंबा 37.3 22.1
धर्मशाला 35.2 24.2
सोलन 35.0 20.4
शिमला 28.1 19.4
कल्पा 26.6 11.4
केलांग 22.6 9.5
Next Story