- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल में चुनाव...
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में चुनाव परिणाम से पहले गर्माई सियासत, भाजपा नेताओं के ऑडियो वायरल
Shantanu Roy
24 Nov 2022 11:53 AM GMT

x
बड़ी खबर
शिमला। जोगिंद्रनगर से आडियो फिर कांगड़ा से पत्र और अब एक और ऑडियो। विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले भाजपा के कथित ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। इसी माह पहले पूर्व मंत्री का कथित ऑडियो सामने आया था, जिसमें पैसे वाले को टिकट देने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया में वायरल दूसरा कथित ऑडियो भाजपा की वरिष्ठ नेत्री के नाम से सामने आया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान मंत्री, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद तक के नाम लिए गए हैं। कथित वायरल ऑडियो में तीखी टीका-टिप्पणी की गई है। पूर्व मंत्री और अब वरिष्ठ भाजपा नेत्री के जो 2 अलग-अलग ऑडियो सामने आए हैं, उसके सही होने की प्रमाणिकता की कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। हां इतना जरूर है कि इससे सियासत गरमा गई है। कथित ऑडियो में भाजपा की तरफ से इस बार प्रत्याशी बनाए गए एक नेता को लेकर बात हो रही है, जिसमें उनको बाहरला यानि बाहर वाला व्यक्ति बताया गया है। जैसे-जैसे बातचीत का क्रम आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे कई अन्य नेताओं के नामों का उल्लेख होना शुरू हो जाता है। इसमें इस बात पर भी हैरानी जताई जाती है कि कैसे पिछली बार और इस बार कुछ नेताओं के विधानसभा क्षेत्र बदल दिए गए।
हिमाचल की सियासत में सीडी का खेल पुराना
हिमाचल प्रदेश की सियासत में सीडी का खेल पुराना है। इस खेल में प्रदेश के कई दिग्गज नेता निशाने पर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को लेकर प्रदेश में सबसे पहले कथित सीडी को पूर्व पर्यटन मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने जारी किया था। हालांकि मुख्यमंत्री बनने से ठीक 1 दिन पहले इस मामले में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को क्लीन चिट मिल गई थी। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय पंडित सुखराम, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप को भी कथित सीडी के माध्यम से बदनाम करने की कोशिश की जा चुकी है। यानि इस तरह की सीडी की कोई प्रमाणिकता नहीं होती और इसमें कट एंड पेस्ट की अधिक संभावना रहती है। अक्सर चुनाव के कुछ लोग पर्दे के पीछे रहकर बड़े नेताओं पर निशाना साधकर सियासी हितों को साधने की कोशिश करते हैं।
Next Story