हिमाचल प्रदेश

पुलिस ने राष्ट्रपति को दिया गार्ड ऑफ ऑनर

Shantanu Roy
19 April 2023 9:55 AM GMT
पुलिस ने राष्ट्रपति को दिया गार्ड ऑफ ऑनर
x
शिमला। 4 दिवसीय दौरे पर अपने परिजनों संग शिमला पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कल्याणी हैलीपैड पर उनका हैलीकॉप्टर उतरा। वह यहां परिवार के 8 सदस्यों सहित 28 लोगों के काफिले में 4 हैलीकाप्टरों में यहां पहुंची हैं। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित मंत्रियों व अधिकारियों ने राष्ट्रपति का ग्रैंड वैलकम किया और पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। यहां से राष्ट्रपति वाहनों के काफिले में मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट गईं। राष्ट्रपति के हैलीकाप्टर की लैंडिंग के बाद शिमला में हल्की वर्षा हुई।
ये हैं राष्ट्रपति के शिमला के कार्यक्रम
राष्ट्रपति मुर्मू अपने परिवार के सदस्यों सहित मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में 4 दिन रुकेंगी और बुधवार को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू 20 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन लोगों को समर्पित करेंगी। इसी दिन रिट्रीट में एट होम का आयोजन किया जाएगा।
21 अप्रैल को दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी। आरट्रैक शिमला के लैफ्टिनैंट जनरल जेएस संधू, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, डीजीपी संजय कुंडू, सचिव प्रशासन भरत खेड़ा व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहेंगे। मंगलवार शाम 6 बजे राजभवन शिमला में राष्ट्रपति का अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। राष्ट्रपति के सम्मान में प्रदेश सरकार की ओर से राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया, वहीं इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर राजभवन परिसर में बुरांश का पौधा भी रोपित किया।
Next Story