हिमाचल प्रदेश

पुलिस प्रशासन ने लोगों से की नदी-नालों के पास न जाने की अपील

Admin Delhi 1
15 Aug 2023 7:31 AM GMT
पुलिस प्रशासन ने लोगों से की नदी-नालों के पास न जाने की अपील
x
जलस्तर बढऩे से खतरे के निशान पर यमुना

पांवटा साहिब: हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर लगातार हो रही मूसलाधार बरसात से यमुना नदी उफान पर है। यमुना में जल स्तर खतरे के निशान के आसपास पहुंच गया है और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पांवटा साहिब में पवित्र यमुना घाट सहित नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को नदी-नालों के आसपास न जाने की हिदायत दी है। एसडीएम पांवटा व डीएसपी पांवटा अपनी टीम के साथ यमुना नदी के तट पर पहुंचे व हालात का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले और साथ लगते उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों से मूसलाधार बरसात हो रही है।

पांवटा साहिब में यमुना नदी खतरे के निशान के आसपास पहुंच गई है। यमुना की सहायक नदियों गिरि और टौंस नदियों पर बने बांधों के दरवाजे खोल दिए गए हैं। इन बांधों से बड़ी मात्रा में पानी नदियों में छोड़ा गया है, जिससे यमुना के जलस्तर में बेतहाशा बढ़ौतरी हुई है। पांवटा साहिब में यमुनाघाट पर राधा कृष्ण मंदिर की सभी सीढिय़ां यमुना की बाढ़ में डूब गई है। स्थानीय एसडीएम और डीएसपी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक नदियों के किनारों पर न जाएं। एसडीएम पांवटा गुंजित सिंह चीमा व डीएसपी पांवटा मानवेंद्र ठाकुर ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

Next Story