हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में पंचायत प्रधान का घर लैंड स्लाइड की चपेट में आया, परिवार के 8 सदस्यों की मौत, मलबे में मां से लिपटे मिले बच्चों के शव

Sarita
21 Aug 2022 8:13 AM IST
Panchayat heads house in Himachal was hit by land slide, 8 family members died, bodies of children found wrapped in rubble with mother
x

फाइल फोटो 

मंडी जिले के गोहर विकास खंड के अंतर्गत काशण भूस्खलन से पंचायत प्रधान खेम सिंह का घर जमींदोज हो गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मंडी जिले के गोहर विकास खंड के अंतर्गत काशण भूस्खलन से पंचायत प्रधान खेम सिंह का घर जमींदोज हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में मकान के अंदर दबे खेम सिंह सहित परिवार के 8 सदस्यों के मौत हो गई है। वहीं, मलबे को हटाने पर देखा गया कि बच्चे मां से लिपटे हुए थे। मलबे में दबे इस परिवार के लोगों को निकालने के लिए शनिवार सुबह तीन बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन दोपहर दो बजे खत्म हुआ। सबसे पहले खेम सिंह के भाई झाबे राम की पत्नी और उनके दो बच्चे मृत अवस्था में मिले।

घटनास्थल पर एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड और प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्थानीय पंचायत और समीप की पंचायत के लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जी जान से मेहनत की। डीसी अरिंदम चौधरी और एसपी शालिनी अग्निहोत्री भी शनिवार तड़के घटनास्थल पर पहुंचे। घर में सो रहे सभी 8 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों में पंचायत प्रधान खेम सिंह, उनकी धर्मपत्नी तथा दो बच्चे और छोटे भाई झाबे राम की पत्नी और उनके दो बच्चे व खेम सिंह का ससुर शामिल हैं।
खेम सिंह का ससुर बीती रात ही अपनी बेटी के घर पर आया हुआ था। मृतक खेम सिंह के बुजुर्ग माता-पिता और छोटा भाई झाबे राम हादसे के समय घर पर मौजूद नहीं थे। अब यही तीन लोग इस परिवार में शेष रह गए हैं। इस प्राकृतिक आपदा में पंचायत प्रधान खेम सिंह का हंसता खेलता परिवार खत्म हो गया। कल तक भरा पूरा परिवार खुशी से जीवन जी रहा था, शुक्रवार आधी रात अचानक से मौत ने इस परिवार को दबोच लिया। परिवार में अब दादा-दादी और एक चाचा बचे हैं, जो कि पिछले कुछ दिनों से बाहर थे। बच्चों के चाचा कुल्लू में मिस्त्री का काम करते थे, जबकि दादा-दादी भेड़ बकरियां लेकर कहीं बाहर चले गए थे।
Next Story