हिमाचल प्रदेश

पर्यटकों से शराब के ज्यादा दाम वसूलना पड़ा महंगा छह दुकानें सील

nidhi
10 Sept 2026 11:09 AM IST
पर्यटकों से शराब के ज्यादा दाम वसूलना पड़ा महंगा छह दुकानें सील
x
शराब बिक्री पर बड़ा एक्शन एक साथ छह ठेके सील
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शराब की बोतलों पर निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूलने की शिकायतों के बाद आबकारी एवं कराधान विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित छह शराब की दुकानों को सील कर दिया। इन दुकानों के खिलाफ पिछले कई दिनों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई की।
छह जगहों पर दुकानों को किया सील
आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बुधवार को शमशी, बाशिंग, सरवरी बाजार, जगतसुख, मनालसू और हरिपुर में स्थित शराब की दुकानों पर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार इन दुकानों में ग्राहकों से शराब की बोतलों के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेने की शिकायतें सामने आई थीं। कुल्लू-मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। शराब की दुकानों पर ओवरचार्जिंग की शिकायतों को देखते हुए विभाग ने संबंधित ठेकों की जांच की और अनियमितता मिलने पर दुकानों को सील कर दिया।
प्रत्येक दुकान पर 25 हजार का जुर्माना
कार्रवाई केवल दुकानें सील करने तक सीमित नहीं रही। विभाग ने सभी छह दुकान संचालकों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अब जुर्माने की राशि जमा करने के बाद ही संबंधित संचालक अपनी दुकानें दोबारा खोल सकेंगे। आबकारी एवं कराधान विभाग के उपायुक्त गगनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से अधिक कीमत वसूलने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि विभाग ने इन्हीं शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की है और भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
ओवरचार्जिंग पर विभाग सख्त
हिमाचल प्रदेश में शराब और बीयर की बिक्री के दौरान निर्धारित कीमत से अधिक रकम वसूलने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। उपभोक्ता ऐसी स्थिति में संबंधित जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी के पास शिकायत कर सकते हैं। शिकायत के साथ खरीद का बिल, बोतल पर अंकित कीमत की तस्वीर और भुगतान का प्रमाण उपलब्ध होने पर मामले की जांच में मदद मिल सकती है। कुल्लू में एक साथ छह दुकानों पर हुई कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में हड़कंप है। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूलने की शिकायत सही मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Next Story