हिमाचल प्रदेश

देहरा में नहीं घुसने देंगे बाहरी कांग्रेस नेता

Shreya
8 Aug 2023 4:52 AM GMT
देहरा में नहीं घुसने देंगे बाहरी कांग्रेस नेता
x

गरली: बाहरी नेताओं की घुसपैठ की वजह से देहरा कांग्रेस में हंगामा शुरू हो गया है। नाराज कांग्रेसियों ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस देहरा में इनके खिलाफ रणनीति तैयार की। लघु वित्त निगम के वाइस चेयरमैन प्रकाश कराड़ के सामने भी देहरा के कांग्रेसियों ने अपना दुखड़ा सुनाया। वहीं वाइस चेयरमैन ने हाईकमान के समक्ष मुद्दा उठाने का आश्वासन भी दिया है। देहरा में बाहर से आ रहे कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो टूक शब्दों में यह कह दिया कि अब ओर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रोफेशनल कांग्रेस स्टेट जनरल सेक्रेटरी पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि बाहर से आ रहे कांग्रेसी नेताओं को देहरा में घुसने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि देहरा के लोगों ने बाहरी नेताओं को नकार दिया है। इसी वजह से यहां लोगों ने दो बार बीजेपी और कांग्रेस के बाहरी प्रत्यशियों को धूल चटा कर स्थानीय व्यक्ति होशियार सिंह को जिताया है।

अगर कांग्रेस भी समय रहते स्थानीय नेता को कमान नहीं सौंपती है, तो 2027 विधानसभा चुनावों में भी यहां कोई स्थानीय ही विधायक बनेगा। वहीं देहरा ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप शर्मा झांसू ने बताया कि कांग्रेस से सालों से जुड़े लोग यहां बाहरी नेताओं के देहरा में बार-बार दखल से निराश होने लगे हैं, जिससे पार्टी कमजोर हो रही है। पुराने कार्यकर्ता लगातार पार्टी छोड़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बाहरी नेताओं को यहां के लोगों की प्राथमिक समस्याओं के बारे में जानकारी नहीं है, न ही वे यहां के लोगों के दुख सुख के साथी हैं। संदीप झांसू ने कहा कि देहरा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलेगा व यह बात रखी जाएगी कि किसी बाहरी को नहीं, अपितु देहरा के ही किसी पुराने और कर्मठ कार्यकर्ता को देहरा कांग्रेस की कमान दी जाए।

Next Story