हिमाचल प्रदेश

लोकनिर्माण और अन्य विभागों में भुगतान रोकने का आरोप लगाकर विपक्ष का सदन में हंगामा

Tara Tandi
21 Sep 2023 8:03 AM GMT
लोकनिर्माण और अन्य विभागों में भुगतान रोकने का आरोप लगाकर विपक्ष का सदन में हंगामा
x
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार सदन में प्रश्नकाल के दौरान लोकनिर्माण और अन्य विभागों में भुगतान रोकने का आरोप लगाकर विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए भाजपा विधायक सदन से बाहर चले गए।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ये कहा
सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक रणधीर शर्मा ने प्रश्न पूछा था कि क्या विभिन्न विभागों के बजट में कटौती की गई है? विभिन्न विभागों में पिछले नौ महीनों में टेंडर होने के बाद कार्य किए गए, लोगों को उसका भुगतान नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग में पिछले नौ महीनों में किए गए कार्यों का भुगतान रोक कर रखा गया है।
आज सदन में प्राइवेट मेंबर्स डे
चौथे दिन आज सदन में प्राइवेट मेंबर्स डे है। इस मौके पर गैर सरकारी सदस्य संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे। विधायक अपने क्षेत्र या अन्य संबंधित मसलों को उठाएंगे। इसके अलावा आज चार विधेयकों को भी सदन के पटल पर रखा जाना है। ये विधेयक हिमाचल प्रदेश सड़क की ओर से कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक-2023, हिमाचल प्रदेश नगरपालिका सेवा संशोधन विधेयक-2023, हिमाचल प्रदेश माल व सेवा कर कर द्वितीय संशोधन विधेयक 2023 और भारतीय स्टांप हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2023 होंगे। इनके अलावा दो अन्य विधेयकों हिमाचल प्रदेश निरसन विधेयक 2023 और हिमाचल प्रदेश कृषि, औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2023 को पारित करने का भी प्रस्ताव किया जाना है।
Next Story